|
दूर रहेंगे चुनाव प्रचार से अमिताभ बच्चन
Mar 07,2009 00:00
बॉलीवुड के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में वह किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं करेंगे। बच्चन यहां इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकादमी (आईफा) पुरस्कारों के लिए अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि मीडिया के एक हिस्से में ऐसी खबरें आई थीं कि बच्चन अपने पारिवारिक मित्र व समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह के कहने पर उत्तरप्रदेश में पार्टी के प्रचार कर सकते हैं। एक सवाल के जवाब में कि एक आम नागरिक के रूप में वह किस पार्टी को समर्थन करते हैं, बच्चन ने कहा कि वह ऐसा कुछ नहीं कहना चाहेंगे, जिसका आने वाले काफी समय तक मनमाना अर्थ लगाया जाए। उन्होंने कहा कि एक आम नागरिक के रूप में वह यही उम्मीद करते हैं कि लोग जिन जनप्रतिनिधियों को चुनते हैं वह अपनी जिम्मेदारी निभाएं। बच्चन की बहू ऐश्वर्य राय बच्चन के उत्तरप्रदेश से चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछने पर बच्चन ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं है। |