|
पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन के सहयोगियों को माफ कर देने की अपील
Mar 07,2009 00:00
इराक के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने आम जनता से पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन के सहयोगियों को माफ कर देने की अपील की। देश में धीरे-धीरे हिंसा घटने और राजनीतिक एकता कायम होने के साथ अपनी स्थिति मजबूत होने के बीच मलिकी ने शुक्रवार को यहा कबायली नेताओं की एक सभा में कहा कि जिन लोगों ने गलतियां की है और जो लोग पूर्ववर्ती शासन सद्दाम हुसैन शासन के साथ खडे़ रहे हैं उन्हें अब हमें गले लगा लेना चाहिए, क्योंकि वे भी इराक के सपूत हैं। लेकिन इसके लिए उन्हें हमारे साथ आना होगा और अतीत में जो कुछ भी हुआ उस काले अध्याय से मुंह मोड़ना होगा। माफी दिए जाने की यह अपील ऐसे समय आई है जब मलिकी के सहयोगियों की पार्टी ने जनवरी में हुए प्रांतीय चुनाव में मध्य और दक्षिणी प्रांत में जबरदस्त जीत हासिल की है। इनमें से एक पूर्व सहयोगी को सद्दाम हुसैन के शासन में देश छोड़कर अन्यत्र भागना पड़ा था और उनकी अनुपस्थिति में सद्दाम हुसैन शासन ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। इसी बीच सुन्नी समुदाय से जुड़े एक प्रमुख सांसद ने कहा कि हमें उम्मीद है कि ये भाषण कानून का रूप लेंगे और सद्दाम के सहयोगियों को समाज के साथ घुलने मिलने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि देश में विभिन्न दल दिसंबर में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव को ध्यान में रखकर प्रांतों में सरकार गठन के लिए आपस में हाथ मिलाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि वर्ष 2003 में सद्दाम हुसैन सरकार को अपदस्थ करने के लिए अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के साथ शुरू हुई हिंसा धीरे-धीरे खत्म हो रही है लेकिन राजनीतिक सुलह में अब भी काफी अड़चनें हैं। |