|
पाटिल से पूछताछ की सीबीआई ने
Jun 08,2009 00:00
सीबीआई ने सोमवार को कांग्रेस नेता पवनराजे निंबलकर की हत्या के मामले में गिरफ्तार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] के वरिष्ठ नेता और सांसद पद्म सिंह पाटिल से पूछताछ की। वह 14 दिनों की सीबीआई हिरासत में हैं। निंबलकर की हत्या की सुपारी लेने वाले पारसमल जैन ने पुलिस को बताया कि इस हत्याकांड में उत्तर प्रदेश और बिहार के शूटर भी शामिल थे। पनवेल की एक अदालत द्वारा सात दिन की सीबीआई हिरासत में दिए गए पाटिल से जांच एजेंसी नवी मुंबई के बेलापुर स्थित कार्यालय में पूछताछ की। अदालत से अनुमति मिली होने की वजह से दोपहर में उन्हें घर का बना भोजन दिया गया। सीबीआई इस मामले में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का बयान भी दर्ज कर सकती है। पाटिल ने कथित तौर पर उनकी सुपारी भी दी थी। जैन ने अपने बयान में कहा कि हजारे को पाटिल अपने रास्ते से हटाना चाहता था। उन्होंने पाटिल और उनके परिजनों के स्वामित्व वाली चीनी फैक्ट्रियों में घोटाले का पर्दाफाश करने में निंबलकर की मदद की थी। अभी तक सीबीआई इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें पाटिल, जैन, शुक्ल, दिनेश तिवारी और सतीश मंदादे शामिल हैं। इन्होंने कथित तौर पर निंबलकर और उनके ड्राइवर समद काजी की तीन जून 2006 को नवी मुंबई के कलमबोली हत्या कर दी थी। जैन ने बताया कि उसने अकेले दो-तीन बार निंबलकर को मारने की कोशिश की। लेकिन असफल होने पर कुछ और लोगों को योजना में शामिल करना पड़ा। जैन अक्सर मुंबई से सटे मुंब्रा क्षेत्र के एक सभासद से मिलता था। इस सभासद ने जैन को उत्तरप्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के निवासी बसपा नेता कैलास यादव से मिलवाया। कैलास ने जैन की मुलाकात बिहार के सीवान निवासी छोटे पांडे से कराई। छोटे पांडे को सीवान के बाहुबली नेता शहाबुद्दीन का करीबी बताया जाता है और वह हत्या के कई मामलों में वांछित है। छोटे पांडे मई, 2006 के अंतिम हफ्ते में गोरखपुर के दिनेश तिवारी एवं पिंटू सिंह यादव को लेकर मुंबई आ गया। निंबलकर पर गोली पिंटू और दिनेश ने ही चलाई थी। मुंब्रा के सभासद, कैलास यादव, छोटे पांडे और पिंटू सिंह यादव की गिरफ्तारी होनी बाकी है। |