|
अंडरवर्ल्ड डान बबलू अर्जी खारिज कर दी कोर्ट ने
Mar 05,2009 00:00
अंडरवर्ल्ड डान बबलू श्रीवास्तव को बुधवार को सुप्रीमकोर्ट से बड़ा झटका लगा। कोर्ट ने लखनऊ से चुनाव लड़ने के लिए दोष सिद्ध पर रोक लगाने की बबलू श्रीवास्तव की मांग खारिज कर दी। हालांकि कोर्ट ने सजा के खिलाफ दाखिल बबलू की अपीलीय याचिका को जल्द सुनवाई के लिए लगाए जाने का निर्देश दिया है। ओमप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बबलू श्रीवास्तव को कस्टम अधिकारी एलडी अरोड़ा के अपहरण और हत्या की साजिश में कानपुर की टाडा अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। बबलू पिछले करीब 14 सालों से जेल में है। बुधवार को न्यायमूर्ति अल्तमश कबीर ने बबलू की दोषसिद्धि पर रोक की अर्जी खारिज करते हुए कहा कि घटना और परिस्थितियों को देखते हुए दोष सिद्धि के आदेश पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। इससे पहले बबलू के वकील डीबी गोस्वामी ने कहा कि बबलू 14 सालों से जेल में है। उसकी दोषसिद्धि के आदेश पर रोक लगा दी जाए क्योंकि वह लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहता है। उसने सजा के खिलाफ सुप्रीमकोर्ट में अपील दाखिल कर रखी है जबतक उसकी अपील पर सुनवाई होती है दोषसिद्ध के आदेश पर रोक लगा दी जाए। बबलू की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू के मामले का उदाहरण भी दिया गया। लेकिन दूसरी ओर से पेश सीबीआई के वकील ने बबलू की अर्जी का जोरदार विरोध किया। उसने कहा कि यह डान है। उस पर गंभीर मामले चल रहे हैं और उसे सिंगापुर से प्रत्यार्पण कर लाया गया है। उसकी दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाई जा सकती है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद बबलू की अर्जी खारिज कर दी। |