|
हैसियत औसतन 97 लाख रुपये इंफोसिस कर्मी
May 17,2009 00:00
आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इन्फोसिस टेक्नोलाजीज के प्रत्ये कर्मचारी का मूल्य 97 लाख रुपये है। यह आकलन कंपनी के कर्मचारियों की भविष्य की आय के आधार पर किया गया है। मार्च, 2009 की समाप्ति पर इंफोसिस के साफ्टवेयर पेशेवरों और सहयोगी कर्मचारियों के मानव संसाधन का मूल्य 1,02,133 करोड़ रुपये आंका गया है। कंपनी की सालाना रपट के अनुसार, यह मानव संसाधन मूल्य समाप्त वित्त वर्ष के दौरान कंपनी के।,04,850 कर्मचारियों का था। अगर औसत निकाला जाए तो इस हिसाब के प्रत्येक कर्मचारी का मूल्य 97 लाख रुपये बैठता है। कंपनी ने कहा है कि यह मूल्यांकन कंपनी के वर्तमान कर्मचारियों की भविष्य की आय और कुछ अन्य कारणों के आधार पर निकाला गया है। 31 मार्च, 2008 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी का मानव संसाधन मूल्य 98,821 करोड़ रुपये रहा था और इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 91,187 थी। रपट में कहा गया है कि समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी के साफ्टवेयर पेशेवरों की संख्या 97,349 और सहायक कर्मचारियों की संख्या 7,501 थी। रपट में कहा गया है कि कर्मचारियों के पैकेज में देश और देश के बाहर उनको मिले सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ शामिल हैं। रपट में बताया गया है कि यह मूल्यांकन 'लेव एंड श्वार्ट्ज' माडल के आधार पर किया गया है। समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी ने 28,231 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की। हालांकि, इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में शुद्ध वृद्धि 13,663 की रही। इन्फोसिस के मानव संसाधन प्रमुख टीवी मोहनदास पाई ने कंपनी के 2008-09 के आय के आंकड़े जारी करते हुए कहा था कि आने वाला वर्ष काफी चुनौतीपूर्ण रहेगा। क्षमता विकास, प्रशिक्षण और प्रमाणन पर हमारे नियमित निवेश से हम ज्यादा प्रतिस्पर्धी बने रहेंगे। पिछले पांच साल से कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वित्त वर्ष 2003-04 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 23,377 थी, जो 2004-05 में बढ़कर 32,178 हो गई। इससे अगले वित्त वर्ष में यह बढ़कर 44,658 पर पहुंच गई। वित्त वर्ष 2006-07 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 59,831 थी। कंपनी ने कहा कि हम अपने कर्मचारियों के प्रशिक्षण और उनका कौशल बढ़ाने के लिए लगातार निवेश करते रहते हैं। मार्च, 2009 को समाप्त वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का कुल शुद्ध लाभ 28. 5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बढ़कर 5,988 करोड़े रुपये पर पहुंच गया और इस दौरान उसका कारोबार 30 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि से 21,639 करोड़ रुपये हो गया। |