|
प्रियंका गांधी ने सेवादल के समापन समारोह
Mar 03,2009 00:00
लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के दूसरे दिन ही प्रियंका गांधी बढेरा मंगलवार अपराह्न अपने भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंच गई जहां उन्होंने कांग्रेस सेवा दल के समापन समारोह मे भाग लेने के साथ ही राहुल गांधी के चुनाव प्रचार की भी शुरुआत कर दी। प्रियंका गांधी ने सेवादल के समापन समारोह जिसमें मीडिया के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया, के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी लोग चुनाव की तैयारियों में पूरी जिम्मेदारी के साथ लग जाए और साथ ही बिना किसी अपेक्षा के क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को देखे, सुने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि राजनीति से जुड़े जो लोग जनता की सेवा करने के लिए बिना किसी अपेक्षा के तैयार रहते हैं, ऐसे लोगों को हमेशा याद रखा जाता है। प्रियंका लगभग 12 बजे सेवा दल के समापन समारोह मे पहुंचने के बाद लगभग एक घंटे तक कांग्रेस सेवा दल के कार्यकताओं से बातचीत करती रहीं। उन्होंने अपनी भावनाओं और अपेक्षाओं को उनके सामने रखने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अमेठी और रायबरेली संसदीय क्षेत्रो में भाई राहुल और मां सोनिया गांधी द्वारा किए गए विकास कार्यो को जनता के सामने रखे। प्रियंका गांधी ने अमेठी और रायबरेली संसदीय क्षेत्रों की जनता के साथ गांधी परिवार के भावनात्मक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि इन दोनों क्षेत्रों के लोग हमारे परिवार के सदस्य हैं। 18 से 22 फरवरी तक चलने वाले अमेठी संसदीय क्षेत्र के 16 ब्लाकों के सेवादल कार्यकर्ताओ के शिविर में 35 वर्ष तक की आयु के 1250 सेवादल कार्यकर्ताओं का चयन किया गया जिन्हें संगठनात्मक जानकारी के साथ-साथ चुनाव प्रबंधन और जनता के साथ संबंध तथा उनकी समस्याओं को सुनने समझने से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ता के साथ बंद कमरे में बैठक करने के बाद प्रियंका मुंशीगंज गेस्ट हाउस गई,जहां वह अमेठी और रायबरेली के कार्यकर्ताओ के साथ बैठक करेगी। उल्लेखनीय है कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव के दौरान अपने भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी और मां सोनिया गांधी के रायबरेली संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार की कमान संभालती रही हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जहां पूरे देश मे चुनाव प्रचार करेगी वही प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली की चुनाव प्रचार की कमान संभालेगी। |