लोग गीत के नाम पर चिल्ला रहे हैं
Apr 07,2009 00:00
 फिल्म आशिकी से संगीत की दुनिया में रातों-रात छा जाने वाले गायक कुमार शानू का कहना है कि उन्हें अब बॉलीवुड  के गीत पंसद  नहीं आ रहे हैं। उनका मानना है कि आजकल गीत के नाम पर लोग चिल्ला रहे हैं।

इस वर्ष पद्मश्री सम्मान से सम्मानित होने वाले कुमार शानू ने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैं आजकल के गीतों को आवाज नहीं दे रहा हूं। आजकल के गीत में केवल चिल्लाहट सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि यह सच नहीं है कि मुझे गीत के प्रस्ताव नहीं मिल रहे हैं। मुझे कई फिल्मों में गीत गाने के प्रस्ताव मिल रहे हैं लेकिन मैं उन्हें स्वीकार नहीं कर रहा हूं। जब मुझे सुंदर और अर्थपूर्ण गीतों को आवाज देने का प्रस्ताव मिलेगा तो मैं उसे खुशी-खुशी स्वीकार करूंगा।

उल्लेखनीय है कि कुमार शानू  को पांच वर्ष लगातार  फिल्म फेयर पुरस्कार मिल चुका है। उन्होंने वर्ष 1987  में फिल्म आंधियां से बॉलीवुड  में कदम रखा था।