|
पीरभाई को दिल्ली की एक अदालत ने दस दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
Mar 01,2009 00:00
नई दिल्ली। देश में हुए कुछ विस्फोटों के बारे में इंडियन मुजाहिद्दीन की तरफ से ई-मेल भेजने के आरोपी कंप्यूटर इंजीनियर मोहम्मद मंसूर असगर पीरभाई को शनिवार को दिल्ली की एक अदालत ने दस दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पीरभाई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर राजधानी लेकर आई और उसे मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कावेरी बावेजा के समक्ष पेश किया गया जिन्होंने उसे नौ मार्च तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। इंजीनियर को तीन अन्य लोगों के साथ पिछले साल मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। सरकारी वकील राजीव मोहन ने कहा कि 31 वर्षीय पीरभाई ने मुंबई और नवी मुंबई में वाईफाई नेटवर्को को हैक किया और अहमदाबाद तथा दिल्ली विस्फोटों से ऐन पहले पिछले साल मीडिया घरानों को ई-मेल भेजे। वह आतंकी गुट के मीडिया प्रकोष्ठ की अगुवाई करता था। पीरभाई के वकील एम एस खान ने हालांकि हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की दिल्ली पुलिस की दलील का इस दावे के साथ विरोध किया कि सितंबर के सिलसिलेवार विस्फोट मामले में आरोपपत्र दाखिल की जा चुकी है जिसमें पुलिस ने मामले में उसकी पूरी भूमिका का ब्यौरा दिया है। |