दो हफ्ते टला शोभराज पर फैसला
Jul 15,2010 00:00
 नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने कुख्यात जालसाज चा‌र्ल्स शोभराज पर चल रहे अमेरिकी पर्यटक की हत्या के मामले में अपना फैसला दो हफ्ते के लिए टाल दिया है। अदालत का कहना है कि मामले पर अंतिम फैसला सुनाने के लिए उसे कुछ और वक्त चाहिए।

जस्टिस राम कुमार प्रसाद साह और गौरी धकल की पीठ ने बुधवार को कहा कि इस हाई प्रोफाइल मामले में अब 30 जुलाई को फैसला सुनाया जाएगा। यह तीसरा मौका है जब सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला टाला है। वियतनामी मां और भारतीय पिता की संतान शोभराज पर नेपाल में 1975 में अमेरिकी पर्यटक कोनी जो ब्रॉन्जिक की हत्या कर फरार होने का इल्जाम है। फर्जी पासपोर्ट पर नेपाल आए शोभराज को वर्ष 2003 में काठमांडू के रॉयल कसीनो से गिरफ्तार कर लिया गया था। 2004 में काठमांडू की जिला अदालत ने शोभराज को इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसे शोभराज ने 2006 में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। 'बिकनी किलर' के नाम से मशहूर शोभराज का दावा है कि वह 2003 से पहले कभी नेपाल नहीं आया था।