कोई मतभेद नहीं पेट्रायस व करजई में
Jul 15,2010 00:00
 पेंटागन ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है कि अफगनिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई को लेकर वहां के राष्ट्रपति हामिद करजई और हाल में ही नियुक्त किए गए अमेरिकी सैन्य कमांडर जनरल डेविड पेट्रायस के बीच मतभेद हैं।

पेंटागन के प्रवक्ता ने संवाददाताओं को बताया कि 15 दिन पहले नियुक्त किए गए जनरल पेट्रायस और अफगान राष्ट्रपति के बीच नियमित मुलाकात हो रही है। जनरल पेट्रायस करजई के साथ अफगानिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते है और इस लड़ाई में जीत हासिल करने के बारे में भी विचार किया जाता है।

प्रवक्ता ज्योफ मोरेल ने कहा कि मैंने इन दिनों कुछ विरोधाभासी खबरें देखी हैं जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति करजई और जनरल पेट्रायस के बीच कुछ तनाव है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। मैं सोचता हूं कि उनके बीच काफी अच्छा तथा सार्थक संवाद हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में कबायली प्रमुखों और मिलीशिया के इतिहास को देखते हुए स्थानीय पुलिस करजई के लिए, अफगान सरकार और वहां की जनता के लिए स्पष्ट रूप से संवेदनशील मुद्दा है और पेंटागन उनकी इस स्थिंित को बेहतर समझता है। मोरेल ने कहा कि यह वह मुद्दा नहीं है जिसके बारे में पेट्रायस पहल कर रहे हैं। मैं सोचता हूं कि अफगान नेतृत्व यह समझता है। यही लोग स्थानीय पुलिस की यूनिट में शामिल होंगे ना कि कोई मिलीशिया।

उन्होंने कहा कि इसका गठन सरकार करेगी, वही इसके लिए धन देगी और सरकारी स्थानीय पुलिस ही समुदायों के बीच अवांछित लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। स्थानीय पुलिस अफगान पुलिस दल और सेना की मदद करेगी ताकि अवांछित तत्वों को शहर के बाहर रखा जा सके।

प्रवक्ता ने कहा कि यह समाधान एक वास्तविक समस्या से निपटने के लिए एक अल्पकालिक समाधान है। उन्होंने कहा कि यह एक तरह से खाई को भरने जैसा है क्योंकि हमारे पास इतनी बड़ी आबादी को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए वास्तव में समुचित संख्या में पुलिस बल नहीं हैं।

स्थानीय पुलिस के गठन की यह पहल जनरल पेट्रायस ने सुरक्षा संबंधी समस्या से निपटने की लिए की है। इसमें वे कुछ स्थानीय लोगों को शामिल करेंगे क्योंकि उन्हें अपने समुदाय की देखभाल की फिक्र होती है, वे जानते हैं कि किसे वहां होना चाहिए और किसे नहीं।

मोरेल ने कहा कि यह किसी तरह से भी सौदेबाजी नहीं है। यह एक सुझाव है जो जनरल पेट्रायस ने दिया है। राष्ट्रपति करजई और इससे जुड़े अन्य लोग इस पर विचार कर रहे हैं।