|
जीत के करीब दक्षिण अफ्रीका
Jun 29,2010 00:00
ब्रिजटाउन। तेज गेंदबाज डेल स्टेन और स्पिनर जोहान बोथा ने शानदार गेंदबाजी करके दक्षिण अफ्रीका को मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट मैच में जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। पहली पारी के आधार पर 115 रन से पिछड़ी वेस्टइंडीज की टीम ने मैच के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में स्टेन [31 रन पर तीन विकेट] और बोथा [34 रन पर तीन विकेट] की गेंदबाजी के आगे अपने सात विकेट महज 134 रन पर गंवा दिए। सिर्फ शिवनारायण चंद्रपाल [57]और शेन शिलिंगफोर्ड [25] ही कुछ हद तक दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के आगे टिक सके। दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के पहली पारी के 231 रन के जवाब में 346 रन बनाए थे। एश्वेल प्रिंस ने नाबाद 78 रन बनाए जबकि वेस्टइंडीज के गेंदबाज सुलेमान बेन ने 81 रन देकर छह विकेट लिए। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में स्टेन ने तीन विकेट लेकर उसके शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया। उसके बाद बोथा ने भी तीन विकेट चटकाकर मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। मैच में अभी दो दिन बाकी हैं और कोई चमत्कार ही वेस्टइंडीज को संकट से निकाल सकता है। |