'स्लमडाग मिलियनेयर' के कलाकारों का अलग-अलग हाल
Mar 01,2009 00:00

मुंबई। शोहरत की मंजिल हमेशा कामयाबी के आसमान पर ही हो ऐसा जरूरी नहीं। ताजा उदाहरण है आठ आस्कर पाने वाली 'स्लमडाग मिलियनेयर' के कलाकारों का अलग-अलग हाल। इस फिल्म में काम करने वाले बड़े कलाकार तो दुनिया की नजरों में आ गए हैं, मगर झुग्गी बस्ती के बच्चों के किरदार निभाने वाले बाल कलाकार एक बार फिर उन्हीं कष्टों में लौट गए हैं।

फिल्म में नायक के बड़े भाई सलीम के किरदार की अलग-अलग अवस्थाओं को निभाने वाले दो कलाकारों की किस्मत में भी यह फर्क साफ नजर आ रहा है।

सलीम के बचपन का किरदार निभाने वाले धारावी की झुग्गियों के अजहरुद्दीन की उसके पिता ने एक मामूली सी बात पर पिटाई कर दी। बात सिर्फ इतनी सी थी कि लास एंजिलिस के आस्कर समारोह से अपने घर लौटा अजहर थक गया था और कुछ देर सोना चाहता था। इस कारण उसने मिलने आए मीडियाकर्मियों को इंटरव्यू देने से इनकार कर दिया। उसके पिता मुहम्मद इस्माइल को यह बात नागवार गुजरी और उसने अजहरुद्दीन पर लात घूंसों की बरसात कर दी।

हालांकि अजहर और उसके पिता में बाद में सुलह भी हो गई। पिता इस्माइल ने अपने बचाव में कहा है कि मैं जानता हूं की अजहर थक हुआ था लेकिन मैंने एक पत्रकार को वादा किया था। जब उसने मना किया तो मुझे गुस्सा आ गया।

उधर, सलीम की बड़ी अवस्था निभाने वाले मधुर मित्ताल अब अपनी नई सफलता के जरिए अपने गृहनगर आगरा के लिए कुछ करना चाहते हैं। मधुर कहते है कि वह अपनी जन्मभूमि आगरा के लिए 'कुछ करना' चाहते हैं। हाल ही भारत लौटे मधुर ने कहा कि यदि उन्हें आगरा के लिए कुछ करने का मौका मिले तो वह अपने आपको भाग्यशाली मानेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को दिया जिन्होंने मधुर के कैरियर के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी और आगरा से मुंबई चले गए। मधुर ने बताया कि वह अपने बचपन के सबसे करीबी दोस्त वरुण के साथ मस्ती के कुछ पल बिताना चाहते हैं। आस्कर समारोह का अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि आस्कर के समय उन्हें सबसे ज्यादा अपने परिवार की याद आई। हालांकि फिल्म के निर्देशक डैनी बायल और सह निर्देशक लवलीन टंडन ने उनका बखूबी ख्याल रखा। मधुर ने बताया कि उन्हें कई फिल्मों के आफर मिले हैं लेकिन इस संबंध में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

सगी और सौतेली मां की खींचतान में फंसी रुबीना

मुंबई। 'स्लमडाग..' में लतिका के बचपन का रोल करने वाली रूबीना भी घर लौट कर अड़चनों से जूझ रही है। रूबीना अपनी सगी और सौतेली मां के विवाद में फंसी है, जहां दोनों ही उस पर अधिकार जमाने में लगी हैं। फिलहाल यह बाल कलाकार अपने घर के इस झमेले से निपटने में ही व्यस्त है।