|
सरकार पचौरी को हटाने का विरोध करेगी
Mar 16,2010 00:00
हिमालय के ग्लेशियर पिघलने संबंधी रिपोर्ट पर आलोचना झेल रहे आर.के. पचौरी का सोमवार को केंद्र सरकार ने खुलकर बचाव किया। केंद्रीय पर्यावरण और वन मंत्री जयराम रमेश ने राज्यसभा में स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकार को पचौरी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के अंतर सरकारी पैनल [आईपीसीसी] के प्रमुख पद से पचौरी को हटाने के प्रयास का पुरजोर विरोध किया जाएगा। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान रमेश ने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि हिमालय के ग्लेशियरों के पिघलने के तथ्य पर विवाद नहीं है। अधिकतर ग्लेशियर पिघल रहे हैं, जबकि सियाचिन ग्लेशियर बढ़ रहा है। गंगोत्री जैसे कुछ क्षेत्रों में ग्लेशियर पिघल रहे हैं लेकिन पिघलने की रफ्तार बीते दो-तीन दशक से घट रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने ग्लेशियर के 2035 तक गायब हो जाने के संबंध में आईपीसीसी की रिपोर्ट पर अपनी भावना का इजहार कर दिया था। |