|
एक-दूसरे की डिग्री चलेगी भारत-चीन में
Mar 15,2010 00:00
अब जल्दी ही भारत के विश्वविद्यालयों की डिग्री चीन में और चीन के विश्वविद्यालयों से मिली डिग्री भारत में मान्य होगी। इस संबंध में दोनों देशों के बीच समझौते की तैयारी की जा रही है। हाल ही में भारत दौरे पर आए चीन के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत के मानव संसाधन मंत्रालय के अधिकारियों से इस संदर्भ में बातचीत की थी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया, 'भारत और चीन में प्राथमिक और उच्च शिक्षा का स्तर एक जैसा है। हमने दोनों देशों के बीच प्रमाणपत्रों की मान्यता और समानता के बारे में विचार-विमर्श किया है।' उच्च्च शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच इस तरह का समझौता होने से छात्रों को सीमा पार कर उच्च्च शिक्षा और नौकरी हासिल करने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि भारत-चीन एक दूसरे देशों के विश्वविद्यालयों से मिलने वाले प्रमाणपत्रों को अब तक मान्यता नहीं देते हैं। प्रमाणपत्रों की मान्यता के संदर्भ में भारत चीन के अलावा फ्रांस से भी बात कर रहा है। |