|
भावी प्रधानमंत्री दिखता है भाजपा को मोदी में
Mar 13,2010 00:00
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी भले ही उनको मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने का मंसूबा बांधते हों पर भाजपा को उनमें भावी प्रधानमंत्री दिख रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मोदी की शान में जो कसीदे पढ़े हैं, उससे तो यही जाहिर होता है। एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में गडकरी ने कहा, 'मोदी विकास की राजनीति के रोल मॉडल हैं। देखिए उन्होंने गुजरात में क्या किया है।' भाजपा अध्यक्ष ने मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए पूरी तरह योग्य बताया लेकिन साथ ही जोड़ा कि पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में निर्णय वरिष्ठ नेता व संसदीय बोर्ड करेगा। गुजरात दंगों के सिलसिले में मोदी को समन जारी होने के मसले पर गडकरी ने कहा कि पार्टी और खुद मोदी भी न्याय प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि दंगे दुर्भाग्यपूर्ण थे, लेकिन उसके लिए मोदी जिम्मेदार नहीं है। संप्रग सरकार मोदी को राजनीतिक रूप से खत्म करने के लिए सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। बताते चलें कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गुजरात दंगों की जांच कर रहे विशेष जांच दल [एसआईटी] ने गुलमर्ग सोसायटी मामले में मोदी को समन जारी किया है। उन्हें 21 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। विपक्ष इस मामले को तूल दे रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने तो यहां तक कह दिया है कि मोदी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद ही जांच दल के सामने जाना चाहिए। |