|
जेएसी से बाहर किया गया तेदेपा को
Mar 13,2010 00:00
पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की मांग के लिए आंदोलन कर रही संयुक्त कार्रवाई समिति [जेएसी] ने तेलुगु देशम पार्टी [तेदेपा] को इस समिति से बाहर कर दिया है। जेएसी की शुक्रवार को हुई एक बैठक में यह फैसला किया गया। इस बैठक में जेएसी के संयोजक एम. कोदांदरम, तेलंगाना राष्ट्र समिति [टीआरएस] के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव और उनके सहयोगी जयशंकर एवं तेलंगाना कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे। कोदांदरम ने संवाददाताओं को बताया कि तेदेपा को बाहर किया गया है क्योंकि उसके विधायकों ने समिति के निर्णय के मुताबिक इस्तीफा नहीं दिया। पिछले दिनों तेदेपा अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू के महबूबनगर जिले के दौरे के समय जेएसी नेताओं की गिरफ्तारी और तेलंगाना समर्थकों पर तेदेपा कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए हमले भी तेदेपा के निष्कासन की वजह मानी जा रही है। कोदांदरम ने आरोप लगाया कि नायडू वकीलों पर हुए हमले और जेएसी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बारे में माफी न मांगकर अलोकतांत्रिक रवैये का परिचय दे रहे है। |