|
शाहरुख: रवैए में बदलाव से फायदा मिलेगा
Mar 10,2010 00:00
इंडियन प्रीमियर लीग के पहले दो टूर्नामेंटों में लचर प्रदर्शन के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स को उम्मीद है कि रवैए में बदलाव से 12 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के तीसरे टूर्नामेंट में टीम को फायदा मिलेगा। टीम के मालिक और बालीवुड स्टार शाहरुख खान ने टीम के एक प्रचार अभियान में कहा, 'हमने काफी बदलाव किए हैं और इसमें से एक रवैए में बदलाव भी है। जब हम आईपीएल में खेलेंगे तो आपको यह दिखेगा।' केकेआर अपने अभियान की शुरुआत पहले दिन नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में गत चैंपियन डक्कन चार्जर्स के खिलाफ करेगा। टीम के कप्तान सौरव गांगुली ने भी शाहरुख के सुर में सुर मिलाते हुए कहा, 'खेल के टी 20 प्रारूप के लिए अलग नजरिए की जरूरत है।' टीम की बैंगनी रंग की नई जर्सी के अनावरण के बाद गांगुली ने कहा, 'हम इस प्रारूप में खुलकर खेलना चाहते हैं। यही इस प्रारूप की मांग है। हम जो करते हैं हम सभी को उसमें मजा आना चाहिए। जो गेंद को बेहतर तरीके से हिट करेगा वह जीतेगा।' |