16 से पहले पास कराने का इरादा महिला बिल
Mar 10,2010 00:00
संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने बुधवार को कहा कि 16 मार्च को संसद के तीन सप्ताह के लिए स्थगित होने से पहले ही महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा में पारित कराने का सरकार का इरादा है।

बंसल ने कहा कि सरकार का इरादा लोकसभा में विधेयक को 16 मार्च से पहले पारित कराना है।

संसद और विधायिकाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण उपलब्ध कराने के लिए राज्यसभा में मंगलवार को महिला आरक्षण विधेयक पारित कर लिया गया था।

उधर, राज्यसभा में विधेयक पर मतदान के दौरान संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन [संप्रग] सरकार की सहयोगी तृणमूल कांग्रेस के अनुपस्थित रहने के बारे में संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में केंद्रीय कानून मंत्री एम.वीरप्पा मोइली ने कहा कि विधेयक जब चर्चा और पारित होने के लिए लोकसभा में आएगा तो सरकार सभी सहयोगियों के समर्थन का प्रबंध करेगी।

संसद की कार्यवाही 16 मार्च को तीन सप्ताह के लिए स्थगित होगी और 12 अप्रैल को पुन: शुरू होगी। वर्तमान सत्र का अंत सात मई को होगा।