बेहतर प्रदर्शन की आस ली को आईपीएल में
Mar 03,2010 00:00
 टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके ब्रेट ली अपने एक दिवसीय और ट्वंटी 20 करियर को बचाने के लिए बेताब हैं तथा इस समय चोटों से जूझ रहे आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा है कि वह आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में फिटनेस और रफ्तार को परखने की योजना बना रहे हैं।

ली ने कहा, 'मैं क्रिकेट के छोटे प्रारूप में काफी चीजें हासिल करना चाहता हूं। पहला, आस्ट्रेलिया के लिए टी 20 विश्व कप और दूसरा, 50 ओवर का विश्व कप जीतना चाहता हूं। मैं इस आस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा होना चाहता हूं।' उन्होंने कहा, 'मैं हैट्रिक फरहार्ट के साथ काफी मेहनत कर रहा हूं। वह पिछले 16 साल से मेरे फिजियो है और वह मेरे अंदर हो रहे सुधार से खुश हैं। मुझे दो हफ्ते में फार्म में वापसी की उम्मीद है।' इस 33 वर्षीय ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में संन्यास से अब मैं अपने छोटे बेटे प्रेस्टन चा‌र्ल्स ली के साथ ज्यादा समय बिता सकूंगा।'

आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलने वाले ली ने कहा, 'मैं साल में 11 महीने अपने छोटे बेटे से दूर नहीं रहना चाहता।' उन्हें हालांकि इस बात का भरोसा नहीं है कि वह उतनी रफ्तार से गेंदबाजी कर पाएंगे या नहीं, जितनी रफ्तार से वह चोटिल होने से पहले करते थे। लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि वह क्रिकेट में अच्छी वापसी करेंगे। ली ने कहा, 'मेरी अब कुछ सर्जरी हो चुकी हैं, इसलिए मैं सचमुच नहीं जानता कि इसके बाद क्या होगा।' ली वेस्टइंडीज में विश्व ट्वंटी 20 चैंपियनशिप के लिए आस्ट्रेलिया की शुरुआती 30 सदस्यीय टीम में शामिल हैं।

ली ने कहा, 'अगर मैं आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाते हूं तो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से हटने को तैयार हूं।' उन्होंने कहा, 'आपको रफ्तार से और बढि़या गेंदबाजी करनी होगी। अगर मैं ऐसा नहीं कर पाता हूं तो मैं नहीं खेलूंगा। लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरा शरीर मेरा साथ देगा।'