|
बीसीसीआई महरबान भारतीय महिला टीम पर
Mar 02,2010 00:00
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ एक दिवसीय सीरीज 3-2 से जीतने वाली भारतीय महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक लाख रुपये बोनस देने की घोषणा की। बोर्ड के सीएओ रत्नाकर शेट्टी ने पांचवें और अंतिम एक दिवसीय मैच की समाप्ति के बाद कहा, 'बीसीसीआई अध्यक्ष [शशांक मनोहर] ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 3-2 से जीतने वाली भारतीय टीम की प्रत्येक सदस्य को एक-एक लाख रुपये बोनस देने की घोषणा की है।' इससे पहले सीरीज गंवाने के बाद प्रतिष्ठा बचाने के लिए मैदान पर उतरी इंग्लैंड की महिला टीम ने पांचवें और अंतिम एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को दो विकेट से हराया। हालांकि भारतीय टीम ने इस सीरीज को 3-2 अपने नाम किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिताली राज [50] और हरमनप्रीत कौर [84] के अर्धशतकों तथा सोनिया डाबिर की नाबाद 31 रन की पारी से नौ विकेट पर 206 रन बनाए। इंग्लैंड की तरफ से सलामी बल्लेबाज हीथर नाइट ने सर्वाधिक 49 रन बनाए लेकिन लीडिया ग्रीनवे [26], लारा मार्श [22] और डेनिली वायट [नाबाद 28] के उपयोगी योगदान से वह एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 210 रन बनाए। इंग्लैंड एक समय पांच विकेट पर 133 रन पर संघर्ष कर रहा था लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के संयमपूर्ण बल्लेबाजी से वह अंतिम ओवर में जीत दर्ज करने में सफल रहा। भारत की तरफ से झूलन गोस्वामी, रूमेली धर, गौहर सुल्ताना और सोनिया डाबिर ने दो-दो विकेट लिए। |