|
सीबीआई अदालत में पेश अबू सलेम
Mar 17,2009 00:00
माफिया सरगना अबू सलेम को मंगलवार को फर्जी पासपोर्ट मामले में सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई कोर्ट के न्यायाधीश सैफ अहमद ने इस मामले के जांच अधिकारी के उपस्थित नहीं हो पाने की वजह से मामले की अगली सुनवाई की तिथि 31 मार्च तय की। अदालत ने अबू सलेम को राजधानी लखनऊ की कैसरबाग कोतवाली के एक कक्ष में अपने वकीलों से बात करने की अनुमति दे दी। इसके पहले अबू सलेम को आज सुबह मुंबई से यहां लाकर कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। उपकरणों के अभाव में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस मामले की सुनवाई करने की सीबीआई की प्रार्थना को अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद अब सलेम को अदालत में पेशी के लिए यहां लाया गया था। इस मामले के अनुसार माफिया सरगना अबू सलेम और उसकी पत्नी समीरा ने उत्तरप्रदेश में आए बिना फर्जी नामों से लखनऊ से पासपोर्ट हासिल कर लिए थे। इस मामले में करीब 40 आरोपी हैं और 1993 से अब तक अदालत में करीब 32 लोगों की गवाही हो चुकी है। |