लोजपा में भविष्य तलाशेंगे प्रकाश झा
Feb 27,2009 00:00


 

 

कभी जद के करीबी रहे फिल्म निर्माता प्रकाश झा अब लोजपा में अपना राजनीतिक भविष्य तलाशेंगे। लोजपा अध्यक्ष राम विलास पासवान शुक्रवार को आगामी लोकसभा के लिए बिहार के पश्चिमी चंपारण से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर सकते हैं। उधर, इस क्षेत्र से राजद के वर्तमान सांसद रघुनाथ झा लोजपा के खाते की सीट वाल्मिकी नगर से चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं।

पिछले कई महीनों से लोजपा समेत सभी दलों का समर्थन पाने की कोशिश में लगे प्रकाश झा ने आखिरकार पासवान का हाथ थाम लिया है। सूत्र बताते हैं कि पश्चिमी चंपारण से उनकी उम्मीदवारी तय हो गई है। शुक्रवार को किसी सरकारी कार्यक्रम में वहां पहुंच रहे पासवान इसकी सार्वजनिक घोषणा कर सकते हैं।

यह सीट फिलहाल राजद के खाते में है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि घोषणा से तालमेल में कोई समस्या नहीं होगी। दरअसल, रघुनाथ झा परिसीमन के बाद बदले परिदृश्य में खुद ही इस सीट को छोड़ कर वाल्मिकी नगर जाना चाहते हैं।

इधर, राजद और लोजपा के रिश्तों के बीच जमी बर्फ भी पिघलने लगी है। माना जा रहा है कि रविवार के बाद दोनों दलों के बीच तालमेल को लेकर आमने-सामने बात शुरू हो सकती है। इसी बीच चुनाव की घोषणा भी हो सकती है। माना जा रहा है कि सीटों की संख्या को लेकर अगर लोजपा झुकी भी तो कुछ सीटों पर दबाव जारी रहेगा।