|
पेरोल पर रिहा प्रवीण महाजन
Nov 27,2009 00:00
बड़े भाई और भाजपा नेता प्रमोद महाजन की हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहे प्रवीण महाजन को शुक्रवार को 14 दिन के पेरोल पर रिहा किया गया। औरंगाबाद की जेल अधीक्षक स्वाति साठे ने बताया कि डीआईजी [जेल] से पेरोल मिलने के बाद प्रवीण को नासिक रोड सेंट्रल जेल से रिहा किया गया। समझा जाता है कि महाजन को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से रिहा किया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। प्रवीण को मुंबई की एक अदालत ने उसके बड़े भाई प्रमोद महाजन की हत्या के लिए दोषी ठहराते हुए दिसंबर 2007 में उम्र कैद की सजा सुनाई थी। प्रमोद को उनके वर्ली स्थित फ्लैट में प्रवीण ने गोली मार दी थी। घायल प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया। उनका तीन मई 2006 को निधन हो गया। |