|
ये तो होना ही था, भाजपा बोली
Oct 13,2009 00:00
मुंबई पर आतंकवादी हमले के मुख्य आरोपी हाफिज मुहम्मद सईद को पाकिस्तान में अदालत द्वारा आरोपमुक्त करने पर भाजपा ने गहरी चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि इस मामले में केंद्र सरकार की मौजूदा रणनीति पूरी तरह निष्प्रभावी साबित हो चुकी है। लिहाजा इसकी समीक्षा होनी चाहिए और सख्त रुख अपनाया जाना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के पिछले संयुक्त बयान में बलूचिस्तान को शामिल करना भयंकर भूल थी। उसके गंभीर नतीजे अब सामने आने लगे हैं। सईद के मामले में पाक सरकार द्वारा सुबूतों को अदालत में न देना इसी का परिणाम है। भाजपा ने इसे संप्रग सरकार की लचर कूटनीति का परिणाम करार देते हुए कहा कि वह सारे सुबूत होते हुए भी पाकिस्तान सरकार को सईद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मजबूर नहीं कर सकी है। जावड़ेकर ने कहा कि इस झटके के बाद केंद्र सरकार को अपनी रणनीति की समीक्षा करनी चाहिए और आगे इस तरह से प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए कि मुबंई हमले के मास्टरमाइंड के खिलाफ पाकिस्तान सरकार या तो अपने यहां खुद कार्रवाई करे या फिर उसे भारत को सौंप दे। |