अमेरिका का पाक पर दबाव: मुंबई हमला
Oct 01,2009 00:00
भारत और पाकिस्तान को दो बहुत ही महत्वपूर्ण देश करार देते हुए अमेरिका ने कहा है कि वह मुंबई आतंकी हमलों की पड़ताल और उसके जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने के लिए पाकिस्तान पर लगातार दवाब डाल रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पी जे क्राउले ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि मुंबई हमलों की पूरी जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए हमने पाकिस्तान से पहले भी कहा है और लगातार कह भी रहे है।

उनसे जब अमेरिकी समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' की उस रिपोर्ट के बारे में पूछा गया, जिसमें कहा गया है कि मुंबई हमलों की साजिश रचने वाला आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा अभी तक सक्रिय है और वह भारत पर फिर से हमला करने की साजिश रच रहा है, तो उन्होंने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान को उसके यहां मौजूद कट्टरपंथियों से निपटने में भी सहायता कर रहा है।

न्यूयार्क में भारत के विदेश मंत्री एस एम कृष्णा और उनके पाकिस्तानी समकक्ष के बीच हुई बैठक के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि मेरा मानना है कि हम भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता को बढ़ावा दे रहे है। अमेरिका के लिए दोनों देश महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका दक्षिण एशिया में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत के महत्व को समझता है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ अमेरिका के सामरिक रिश्ते उभर रहे है साथ ही पाकिस्तान के साथ भी महत्वपूर्ण संबंध है।

उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया में शांति और स्थायित्व के लिए भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान का विशेष महत्व है।