|
13 भारतीय कंपनियां फोर्ब्स फिफ्टी में
Sep 25,2009 00:00
रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस व टाटा स्टील समेत 13 भारतीय कंपनियों ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सूचीबद्ध सबसे अच्छी फर्मो की 'फोर्ब्स-50' सूची में जगह बनाई है। बिजनेस पत्रिका फोर्ब्स एशिया की फैब्युलस 50 फर्मो की सूची में बड़ी व स्थापित कंपनियां शामिल हैं। इनमें आस्ट्रेलिया की खनन कंपनी बीएचपी बिलिटान, हांगकांग का नोबल ग्रुप, रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ ही छोटी कंपनियों ने एजाइल प्रापर्टी होल्डिंग्स, एन्हुई कोंच सीमेंट और डिजिटल चाइना होल्डिंग्स के नाम हैं। इस सूची में रिलायंस, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और टीसीएस बाजार पूंजीकरण के लिहाज से 10 शीर्ष कंपनियों में शुमार हैं। वहीं बिक्री के लिहाज से आरआईएल और टाटा स्टील ने चोटी की 10 कंपनियों में जगह बनाई है। इस सूची में भारत की अडानी एंटरप्राइज, एक्सिस बैंक, भेल, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, जिंदल स्टील एंड पावर, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस और विप्रो शामिल हैं। निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक, कई कारोबारों से जुड़ी अडानी एंटरप्राइजेज, जिंदल समूह की जिंदल स्टील एंड पावर और देश की दिग्गज आईटी कंपनी टीसीएस ने इस सूची में पहली बार जगह बनाई है |