|
सेंसर बोर्ड की हरी झंडी लंदन ड्रीम्स को
Sep 21,2009 00:00
लंदन ड्रीम्स के गीत बरसो रे बरसो को सेंसर बोर्ड की हरी झंडी मिल गयी है। दरअसल, फिल्म में सलमान खान और अजय देवगन पर फिल्माए गए गीत बरसो रे बरसो में हनुमान चालीसा के प्रयोग को लेकर आपत्ति व्यक्त की गयी थी। विपुल शाह निर्देशित लंदन ड्रीम्स में दोनों नायकअपने रॉक बैंड के कांसर्ट के दौरान यह गीत गाते हैं। कांसर्ट के दौरान विषम परिस्थिति में फंसने के कारण वे अचानक गीत के बीच में हनुमान चालीसा का पाठ करने लगते हैं। शुरूआती दौर में आपत्ति व्यक्त की गयी थी कि रॉक कांसर्ट के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ विवाद का विषय बन सकता है। इस गीत के कारण एक धर्म-विशेष के लोगों की भावना आहत हो सकती है। सेंसर बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी ने ट्रिब्यूनल कोर्ट की एक महिला जज को इस संदर्भ में निर्णय देने की जिम्मेदारी सौंपी। महिला जज ने निर्देशक विपुल शाह की दलीलों को सुनते हुए लंदन ड्रीम्स के इस गीत पर से लगी पाबंदी हटा दी। उल्लेखनीय है कि तीस अक्टूबर को लंदन ड्रीम्स प्रदर्शित होनी है। |