|
हर हाल में समर्थन महिला आरक्षण का
Sep 08,2009 00:00
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि संसद और विधान सभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार जिस किसी रूप में विधेयक लाएगी, भाजपा उसका समर्थन करेगी। पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक का यहां उद्घाटन करते हुए राजनाथ ने कहा कि यूपीए सरकार ने 15वीं लोकसभा के अपने सौ दिनों के कार्यकाल के भीतर महिला आरक्षण विधेयक लाने का आश्वासन दिया था लेकिन यह पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा हर रूप में इस विधेयक को समर्थन देने के लिए तैयार है लेकिन केंद्र की नीयत में खोट दिखाई देती है। कांग्रेस का चरित्र ही ऐसा रहा है कि कहना कुछ और करना कुछ और। राजनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जातियों और मजहबों को बांटने का काम करती है और उसने देश में सामाजिक समरसता पैदा नहीं होने दी। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण की बजाय गरीबी के आधार पर आरक्षण की पक्षधर है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नियंत्रण रेखा का चीन और पाकिस्तान द्वारा बराबर उल्लंघन किया जा रहा है। हाल ही में भारतीय सीमा में चीनी हेलीकाप्टरों द्वारा किए घुसपैठ का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि सरकार इस पर समुचित तरीके से विरोध तक नहीं दर्ज कर रही है। |