बीडीआर मुख्यालय में शांति, सैन्य अफसर लापता
Feb 27,2009 00:00

ढाका। बांग्लादेश राइफल्स [बीडीआर] मुख्यालय में बंधक बनाए गए 130 से ज्यादा अधिकारी शुक्रवार को भी लापता हैं, जबकि उसके जवानों की खूनी बगावत खत्म हो गई और उसमें बीडीआर प्रमुख समेत 100 से ज्यादा अधिकारी मारे गए हैं।

बांग्लादेश राइफल्स के जवानों की बगावत में मारे गए अधिकारियों की संख्या का अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है। उधर, सुरक्षा सूत्र अंदेशा जता रहे हैं कि बांग्लादेश राइफल्स के जवानों की बगावत में मारे जाने वालों की संख्या 100 से ऊपर जा सकती है क्योंकि करीब 130 सैन्य अधिकारी अब भी लापता हैं। राजधानी ढाका के पीलखाना क्षेत्र में स्थित बांग्लादेश राइफल्स मुख्यालय में शवों की खोज रात भर जारी रही। इस बीच खूनी बगावत में जिंदा बचे अधिकारियोंने बताया कि बांग्लादेश राइफल्स प्रमुख मेजर जनरल शकील अहमद की हत्या बगावत के शुरुआती काल में ही कर दी गई थी। उनकी हत्या वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सैनिकों की बैठक या 'दरबार' में बगावत की शुरुआत पर कर दी गई।