मुशर्रफ जल्द लौटूंगा पाकिस्तान
Aug 14,2009 00:00
 


 


 

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने कहा है कि वह जल्द ही स्वदेश लौटेंगे। पुलिस ने हाल ही में उनके खिलाफ 2007 के आपातकाल के दौरान दर्जनों न्यायाधीशों को अवैध रूप से हिरासत में रखने के मामले में केस दर्ज किया है।

मुशर्रफ ने एक समाचार चैनल से कहा कि जब भी जरूरत पड़ेगी वह पाकिस्तान के साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह व्याख्यान देने में व्यस्त रहे हैं और अपनी प्रतिबद्धताएं खत्म होने के साथ ही जल्द से जल्द पाकिस्तान लौटेंगे। मुशर्रफ द्वारा 2007 में देश में लगाए आपातकाल को पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने असंवैधानिक और अवैध घोषित कर दिया था जिससे मुशर्रफ पर देशद्रोह का मुकदमा चलने की संभावना बढ़ गई। हाल में इस्लामाबाद के एक पुलिस स्टेशन में पूर्व सैन्य शासक के खिलाफ 60 से अधिक न्यायाधीशों तथा उनके परिवारों को अवैध रूप से हिरासत में रखने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारी कह चुके हैं कि मुशर्रफ को देश लौटने पर गिरफ्तारी की संभावना का सामना करना पड़ सकता है। मुशर्रफ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह कानूनी चुनौतियों और अपने खिलाफ दर्ज मामलों का सामना करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि उनका इरादा स्थाई रूप से विदेश में रहने का नहीं है। कई देशों में व्याख्यान देने और थिंक टैंकों को संबोधित करने के लिए मुशर्रफ ने अप्रैल के मध्य में पाकिस्तान छोड़ दिया था। पिछले कुछ हफ्ते से वह लंदन में रह रहे हैं।