सीबीआई जांच शुरू:रणवीर मुठभेड़ कांड
Jul 31,2009 00:00

लखनऊ: रणवीर मुठभेड़ कांड की जांच केतहत सीबीआई ने अपने लखनऊ कार्यालय में गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद जांच के लिए सीबीआई की एक टीम बुधवार को देहरादून रवाना कर दी गई।

गाजियाबाद के इन्दिरापुरम निवासी रणवीर की बीती तीन जुलाई को देहरादून में कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत की जांच का निर्णय सीबीआई ने बुधवार को लिया। इसके बाद देहरादून में दर्ज रिपोर्ट को यहां मंगाकर सीबीआई की अपराध शाखा ने अपने यहां दर्ज कर लिया। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में एक दर्जन अज्ञात लोगों पर आरोप है। यह कौन लोग हैं, अधिकारियों का कहना है कि यही जांच का विषय है। अभी तो पूर्व में दर्ज एफआईआर के आधार पर ही मुकदमे का पंजीकरण किया गया है।

सीबीआई का एक दल बुधवार को देहरादून रवाना कर दिया गया था। जांच के प्रारम्भिक चरण में सीबीआई उन पुलिसकर्मियों का बयान दर्ज करने जा रही है जो मुठभेड़ में शामिल थे।