|
सीबीआई: सेक्स कांड में उमर का नाम नहीं
Jul 28,2009 00:00
नई दिल्ली। सीबीआई ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2006 के सेक्स कांड में जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का नाम कभी नहीं आया। मामले में उस समय दो मंत्रियों को गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक सेक्स कांड की जांच के दौरान मुख्यमंत्री का नाम कभी सामने नहीं आया और एजेंसी ने जिन आरोपियों से पूछताछ की थी, उनकी संख्या तीन दर्जन से भी अधिक थी। सीबीआई ने कहा कि राज्य की एक पार्टी एजेंसी का नाम अनावश्यक ही विवाद में घसीट रही है। मामले के आरोपियों की संख्या सीबीआई की सूची के मुताबिक 37 है, जबकि पीडीपी नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने सदन के समक्ष मंगलवार को दावा करते हुए कहा कि सूची में उमर का नाम 102 वें नंबर पर है। जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट के आदेश पर सेक्स कांड की जांच करने वाले सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक सूची तैयार की गई थी और वर्ष 2006 में संभवत: राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए इस सूची को बांटा गया था लेकिन एजेंसी ने पाया था कि उस सूची की कोई प्रासंगिकता नहीं है। एजेंसी ने जम्मू कश्मीर के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के पूर्व मुख्य सचिव इकबाल खांडे के अलावा पीडीपी-कांग्रेस सरकार के दो मंत्रियों जीएम मीर और रहमान मट्टो को गिरफ्तार किया था। |