बनाया छक्कों का रिकार्ड सिक्सर किंग युवी ने बनाया
Jun 27,2009 00:00

किंगस्टन। सिक्सर किंग युवराज सिंह ने शुक्रवार को पहले एक दिवसीय मैच में अपनी 131 रन की अपनी पारी के दौरान सात छक्के जड़कर भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी में सर्वाधिक छक्के जड़ने का नया रिकार्ड बनाया।

युवराज के इस शानदार प्रयास से भारत की छह विकेट पर 339 रन की पारी में 14 छक्के लगे और इस तरह से उसने दक्षिण अफ्रीका के रिकार्ड की बराबरी की जिसने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2007 में ग्रेनाडा में चार विकेट पर 356 रन की पारी में 14 छक्के लगाए थे। इस मैच में 23 छक्के लगे जो भारत और वेस्टइंडीज के बीच नया रिकार्ड है। इससे पहले का रिकार्ड 16 छक्कों का था जो जनवरी 2007 में नागपुर में बना था। युवराज ने 102 गेंद पर 131 रन बनाए जो विदेशी धरती पर उनकी दूसरा सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने जनवरी 2004 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 122 गेंद पर 139 रन बनाए थे।

युवराज ने एक दिवसीय मैचों में 12वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा शतक जमाया। उनकी यह पारी वेस्टइंडीज की सरजमीं पर किसी भारतीय की सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले का रिकार्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम पर था जिन्होंने मार्च 2007 में बरमुडा के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 114 रन बनाए थे। राहुल द्रविड़ के बाद युवराज दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ उसकी धरती पर शतक जमाया। युवराज ने दिनेश कार्तिक [67] के साथ तीसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी की और इस तरह से वीवीएस लक्ष्मण और सौरव गांगुली के बीच नागपुर में 2002 में बनी 128 रन की साझेदारी को पीछे छोड़ा।

कार्तिक ने एक दिवसीय मैचों में अपना सर्वाधिक स्कोर बनाया। इससे पहले उनका उच्चतम स्कोर 63 रन था जो उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2007 में कटक में बनाया था। आशीष नेहरा ने 49 रन देकर तीन विकेट लिए जो वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। यूसुफ पठान ने 56 रन देकर तीन विकेट लेकर एक दिवसीय मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यही नही उन्होंने 40 रन की पारी भी खेली और इस तरह से एक दिवसीय मैचों में सर्वश्रेष्ठ आलराउंड प्रदर्शन भी किया।