टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले मेनपावर ओवल मैदान में खेले गए अभ्यास मैच में शतक जमाकर अपने दौरे की शानदार शुरुआत की। वहीं वीवीएस लक्ष्मण और लेग स्पिनर अमित मिश्रा अपना प्रभाव छोड़ने में असफल रहे। द्रविड़ ने केंटरबरी विजार्ड्स टीम की ओर से खेलते हुए सेंट्रल स्टैग्स के खिलाफ 13 चौकों की मदद से 102 रन की पारी खेली। इसकी बदौलत से उनकी टीम ने पहले दिन खेल समाप्ति के समय पांच विकेट पर 388 रन का स्कोर खड़ा कर लिया। द्रविड़ ने दूसरे विकेट के लिए माइकल पैप्स [127] के साथ 93 रन की अहम साझेदारी की। पर लेग स्पिनर अमित मिश्रा के लिए शुक्रवार का दिन अच्छा नहीं रहा। सेंट्रल स्टैग्स की ओर से खेलते हुए अमित ने अपने 28 ओवर में 102 रन दिए पर वह एक भी विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाए।
डुनेडिन के यूनीवर्सिटी आफ ओवल मैदान में ओटेगो कोल्ट्स की ओर से खेलते हुए वीवीएस लक्ष्मण 20 रन ही बना सके। उनकी टीम पहली पारी में 174 रन पर ढेर हो गई। लक्ष्मीपति बालाजी ने 15 ओवर में एक विकेट लिया। भारतीय टीम के दो अन्य सदस्यों धवल कुलकर्णी व मुरली विजय को नेपियर में 13 से 16 मार्च तक खेले जाने वाले न्यूजीलैंड स्टेट चैंपियनशिप के मैचों में पिचों की मिजाज परखने का मौका मिलेगा।