पाकिस्तान मुंबई हमलों पर अपनी जांच के तहत जुटाई गई डीएनए जानकारी तथा अन्य सूचनाएं इंटरपोल को देने के लिए सहमत हो गया है, ताकि घटना से जुड़े संभावित व्यापक अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पड़ताल करने में उसकी मदद की जा सके। पाकिस्तान से जानकारी मिलने के बाद इंटरपोल उसे भारत से हासिल तथ्यों से मिलाकर देखेगी। भारत का आरोप है कि पाकिस्तान के आतंकियों ने मुंबई हमलों को अंजाम दिया था। इंटरपोल महासचिव रोनाल्ड के नोबेल ने शुक्रवार को एक वक्तव्य में कहा कि पाकिस्तान यह समझता है कि जब तक आतंकियों से जुड़ी जानकारी को इंटरपोल के वैश्विक रिकार्ड से मिलाकर नहीं देखा जाएगा और उसके वैश्विक तंत्र के साथ साझा नहीं किया जाएगा, तब तक अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के बारे में जांच को पूरा नहीं माना जा सकेगा। जिन देशों को अहम जानकारी मुहैया नहीं कराई जाएगी उन पर खतरा बना रहेगा।
नोबेल ने शुक्रवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक और संघीय जांच एजेंसी के निदेशक तारिक खोसा से मुलाकात की थी। फ्रांस स्थित इंटरपोल ने कहा कि पाकिस्तान उसे संघीय जांच एजेंसी की तफ्तीश के दौरान हासिल डीएनए जानकारी भेजने को सहमत हो गया है ताकि यह आकलन किया जा सके कि क्या मुंबई के आतंकी हमलों के तार क्या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हुए हैं।