ओबामा प्रशासन ने भारत को अमेरिका का रणनीतिक और आर्थिक साझेदार बताते हुए भविष्य में दोनों देशों के संबंध और प्रगाढ़ होने की उम्मीद जताई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के कार्यवाहक उपप्रवक्ता गार्डन डूग्यूड ने शुक्रवार को यहां नए अमेरिकी प्रशासन में भारत के साथ संबंधों में संभावित बदलाव के बारे में पूछे जाने पर यह बात कही। डूग्यूड ने कहा कि चाहे अगला राजदूत कोई भी हो, लेकिन मुझे लग रहा है कि अमेरिका-भारत संबंध लगातार प्रगाढ़ और मजबूत होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत के कई साझे हित हैं। उन्होंने कहा कि हमने रणनीतिक वार्ता शुरू की है। हम भारत को एक रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदार के तौर पर देखते हैं। हमारे बीच लगातार व्यापार बढ़ रहा है। हम कई मुद्दों पर पिछले दस साल से काम करते आ रहे हैं और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारत में अमेरिका के राजदूत पहले ही स्वदेश लौट चुके हैं और अमेरिका स्थित भारतीय राजदूत अगले सप्ताह भारत वापस जा रहे हैं और फिलहाल कुछ दिनों तक दोनों देशों में एक-दूसरे के प्रतिनिधि नहीं होंगे।
हालांकि जब प्रवक्ता से एच-1 बी वीजा के बारे में भारत में व्यक्त की जा रही चिंता और आउटसोर्रि्सग के भविष्य के बारे में पूछा गया तो उनका जबाव था कि मैं अमेरिका और भारत के बीच संबंध प्रगाढ़ होते देख रहा हूं और नकारात्मक नीतियों की वजह हमारा बढ़ता संबंध नहीं है।