भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलराज मिश्र ने कहा कि पार्टी प्रदेश में 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। अन्य सीटों के बारे सहयोगी दलों से बात चल रही है। आडवाणी के अगला प्रधानमंत्री बनने की उम्मीद जताते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर जमकर निशाना साधा। मिश्र गुरुवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आतंकवाद, आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था किसानों की आत्महत्या के मुद्दों को लेकर एनडीए चुनावी मैदान में उतरेगा। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को शून्य बताया। उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडों व बाहुबलियों की सरकार है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। विकास ठप है। बसपा ब्राह्माण समाज को गुमराह कर रही है। कुछ गिने-चुने लोग ब्राह्माणों के नाम पर राज कर रहे हैं।
कल्याण सिंह खुद भाजपा छोड़कर गये हैं। उनके भाजपा छोड़ने से कोई असर नहीं पड़ेगा। भाजपा सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चलने वाली पार्टी है। यहां व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए स्थान नहीं है। प्रदेश में 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का दावा करते हुए उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में सभी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।