आईसीआईसीआई ने अपने होम लोन की ब्याज दरें चौथाई से आधा फीसदी तक घटा दी
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा दिखाई गई राह पर चलते हुए देश के निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई ने अपने होम लोन की ब्याज दरें चौथाई से आधा फीसदी तक घटा दी हैं। शुक्रवार से अमल में आ गईं यह दरें केवल नए होम लोन पर ही लागू होंगी। सरकारी क्षेत्र के बैंक आफ बड़ौदा ने भी एक अप्रैल से अपनी प्रमुख उधारी दर [पीएलआर] में आधा फीसदी की कटौती करने की घोषणा की है।
ग्लोबल आर्थिक हालात में मंद पड़ती अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए केंद्रीय बैंक ने दो दिन पहले ही रेपो व रिवर्स रेपो दर में आधा-आधा फीसदी की कमी की है। इन दोनों दरों में कमी से बैंकों के लिए होम व आटो समेत सभी प्रकार के लोन सस्ते करने का रास्ता साफ होता है। इसलिए आईसीआईसीआई ने 20 लाख रुपये से कम के होम लोन के लिए अब दस की बजाय 9.75 फीसदी की दर से ब्याज लेना तय किया है। बैंक ने 20 लाख से 30 लाख रुपये के दायरे में होम लोन के लिए ब्याज दर आधा फीसदी घटाकर 10 फीसदी कर दी है। इसी प्रकार 30 लाख रुपये से ऊपर के होम लोन के लिए ब्याज दर पूर्व के 12 फीसदी से कमकर 11.5 फीसदी कर दी गई है।
पीएलआर में कमी से किसी बैंक के सभी प्रकार के लोन सस्ते हो जाते हैं। ताजा कमी के बाद बैंक आफ बड़ौदा की पीएलआर 12 फीसदी हो गई है। इससे आने वाले दिनों में इसके होम व आटो समेत अन्य सभी लोन की ब्याज दरें आधा फीसदी घट जाएंगी।