केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर हमले में भारत का हाथ होने संबंधी पाकिस्तान के आरोपों को बकवास करार दिया है। गृहमंत्री ने आशंका जताई कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान भी आतंकी कुछ हरकत कर सकते हैं। गृहमंत्री ने बुधवार को सेहतमंद होकर कामकाज संभालने वाले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात कर उन्हें देश की सुरक्षा हालात का जायजा दिया। दोनों के बीच तकरीबन चालीस मिनट तक बातचीत चली।
मंगलवार को श्रीलंका टीम पर हमले के बाद पाकिस्तान ने इसके लिए भारत को जिम्मेवार ठहराया था। पाक के इस बयान को चिदंबरम ने बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि भारत आतंकवाद को न तो बर्दाश्त करता है और न ही प्रायोजित करता है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, 'यह पूरी तरह से बकवास है। हम दक्षिण एशिया में शांति चाहते हैं। हम आतंकवाद को प्रायोजित नहीं करते।'
गृहमंत्री ने यह भी कहा कि पाकिस्तान भारत की हिदायत नहीं मानने की कीमत चुका रहा है। उन्होंने कहा, 'आतंकवाद के खिलाफ जंग में पाकिस्तान केवल अधूरे उपाय कर रहा है और वह हमारी सलाह नहीं मानने की कीमत चुका रहा है।'
गृहमंत्री ने कहा कि हमारे पास आतंकियों की गतिविधियों के बारे में विशेष जानकारी है। उन्होंने आशंका जताई कि चुनाव प्रकिया के दौरान आतंकी कुछ नाटकीय हरकत कर सकते हैं।