मुंबई हमलों में शामिल लश्कर के दो प्रमुख आतंकी अबु अल कामा और जरार शाह दरअसल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहने वाले हैं। जांच एजेंसियों को इन दोनों आतंकियों की असली पहचान का पता चला है। पाकिस्तान का दावा है कि ये दोनों फिलहाल उसकी संघीय जांच एजेंसी [एफआईए] के कब्जे में हैं। अल कामा और शाह समेत चार आरोपियों की रिमांड पाकिस्तान की एक विशेष अदालत ने 14 दिन के लिए बढ़ा दी है। पाकिस्तान ने दौरे पर आए एफबीआई प्रमुख को जांच में हुई प्रगति से भी अवगत कराया। भारतीय जांच एजेंसियों ने अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के सहयोग से यह बड़ी सफलता हासिल की है। अबु अल कामा पर मुंबई के हमलावरों को प्रशिक्षण देने का आरोप है जबकि जरार शाह हमले के दौरान लगातार आतंकियों के संपर्क में था।
जांच में यह बात सामने आई है कि अबु अल कामा दरअसल पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंडी तहसील का रहने वाला है। उसका असली नाम मजहर इकबाल है। लश्कर-ए-तैयबा ने इकबाल को अबु अल कामा का कोड वर्ड दिया है। अल कामा की सच्चाई का पता दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में गिरफ्तार लश्कर आतंकियों से पूछताछ के बाद चला।
लश्कर का संचार विशेषज्ञ कहा जाने वाला जरार शाह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा जिले का रहने वाला है। उसका असली नाम अब्दुल वाजिद है। जरार शाह ने मुंबई के हमलावरों को सूचनाएं व अन्य कई सामग्री उपलब्ध करवाई थी। हमले के दौरान भी वह इंटरनेट टेलीफोनी के जरिए आतंकियों के संपर्क में था। इसी वार्तालाप से मिले आवाज के नमूनों के जरिए जांच एजेंसियों ने उसकी असली पहचान ढूंढी।
मजहर इकबाल उर्फ अबु अल कामा की तलाश भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को मुंबई हमले के अलावा लाल किला गोली कांड, अक्षरधाम हमले और 2005 के दिल्ली धमाकों के सिलसिले में भी है।
हालांकि पाकिस्तान का दावा है कि जरार शाह और अबु अल कामा दोनों ही एफआईए की हिरासत में हैं। बुधवार को पाकिस्तान की एक विशेष आतंकवाद निरोधी अदालत ने शाह और अल कामा के साथ लश्कर कमांडर जकीउर रहमान लखवी और हमाद अमीन सादिक को 14 दिन की रिमांड पर एफआईए के हवाले कर दिया।
इस बीच, पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे एफबीआई प्रमुख राबर्ट मुलर को मुंबई हमले की जांच में हुई प्रगति से अधिकारियों ने अवगत कराया। आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने मुलर को बताया कि पाक फिलहाल भारत को सौंपे 30 सवालों के जवाब का इंतजार कर रहा है। मुलर इस मामले की जांच कर रही एफबीआई टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।