महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा आखिरकार लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने पर सहमत हो गए। चार दौर की बातचीत के बाद कांग्रेस और राकांपा के बीच 41 सीटों पर सहमति बन गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख मानिकराव ठाकरे ने बुधवार को दिल्ली में कहा कि 48 लोकसभा सीटों वाले इस राज्य की बाकी बची सीटों पर भी जल्द ही फैसला कर लिया जाएगा। उधर, नागपुर में राकांपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हमारे बीच 40 सीटों पर सहमति बन गई है। आरपीआई और सपा के साथ बातचीत के बाद बाकी बची अन्य सीटों के बारे में जल्द ही फैसला कर लिया जाएगा।
कांग्रेस और राकांपा सूत्रों के मुताबिक दोनों दल 40-41 सीटों में से 19-19 सीटों पर चुनाव लड़ने को सहमत हैं। शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] ने विदर्भ की दस में से तीन सीटों पर अपना दावा किया है। इनमें भंडारा सीट भी शामिल है। इस सीट से प्रफुल्ल पटेल की पत्नी वर्षा बेन के चुनाव लड़ने की संभावना है।
राकांपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य में 21 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। इस बार 24 सीटों की मांग कर रही थी। हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण और पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख समेत कांग्रेस के शीर्ष नेता पिछले लोकसभा चुनाव का सीट फार्मूला ही लागू रखने की बात करते रहे हैं।
सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए पवार जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए. के. एंटनी से मुलाकात करेंगे।