अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी [एफबीआई] के एक वरिष्ठ अधिकारी मुंबई हमलों की जांच में पाकिस्तानी अधिकारियों की मदद के लिए बुधवार को इस्लामाबाद पहुंच गए। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एफबीआई निदेशक राबर्ट मुलर आंतरिक मामलों के प्रमुख रहमान मलिक और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेंगे तथा हमलों के बारे में खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान करेंगे। भारत ने इन हमलों के लिए पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्करे-तैय्यबा को जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद पाकिस्तान ने लश्कर के एक सहयोगी संगठन जमात उद दावा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके कुछ सरगनाओं को हिरासत में लिया हुआ है।
इस बीच बंगलादेश की राजधानी ढाका से प्राप्त समाचार के अनुसार एफबीआई बंगलादेश राइफल्स के विद्रोह के मामले की फारेंसिक जांच में मदद के लिए सहमत हो गई है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अमेरिका से यह मदद मांगी थी जिसपर अमेरिका ने अपनी सहमति जता दी है। पिछले सप्ताह हुए इस विद्रोह में सेना के 63 अधिकारी मारे गए थे।