अभिनेता अमिताभ बच्चन अपनी नई फिल्म पा में एकदम नए अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म में वह कैसे दिखेंगे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें इसके मैकअप के लिए चार घंटे लग जाते हैं। अमिताभ ने हाल ही में अपने ब्लाग में लिखा कि इन दिनों मेरा काम स्टूडियो में घंटों चलता है जिसमें से अधिकांश समय मैं आइने के सामने चेहरे पर सिलिकान चिपका रहा होता हूं। पूरा मेकअप होने में चार घंटे लग जाते हैं और एक अन्य घंटा उसे उतारने में लगता है। लेकिन मैं यह कह सकता हूं कि इसके नतीजे अभूतपूर्व होते हैं।
अमिताभ की निर्माता कंपनी वाली इस फिल्म में अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और हरमन बावेजा भी अहम किरदारों में होंगे। फिल्म में अपने अंदाज के लिए अभिनेता विदेशी मेकअप विशेषज्ञों के दल पर निर्भर हैं।
पा का निर्देशन चीनी कम निर्देशित करने वाले आर बाल्की कर रहे हैं। फिल्म निर्माण गत दो मार्च से शुरू हुआ है। अमिताभ ने लिखा कि मेकअप कलाकारों की टीम लास एंजिलिस से आई है। ये पेशेवर उनके मेकअप के काम को लेकर प्रतिबद्ध हैं। फिल्म का नाम पा इसलिए रखा गया है क्योंकि अभिषेक इसी नाम से अमिताभ को पुकारते हैं। एबी कार्प और रिलायंस बिग एंटरटेनमेंट इस फिल्म का संयुक्त निर्माण कर रहे हैं।