मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान से 2011 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी छीनने के लिए पीसीबी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद [आईसीसी] को कानूनी चुनौती की सलाह आईसीसी के पूर्व अध्यक्ष एहसान मनी ने दी थी। रिपोर्ट में रविवार को कहा गया, 'मैचों का आयोजन कहीं और कराने के आईसीसी के फैसले के बाद पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट ने मनी के साथ कई बैठक की और वह मनी ही थे जिन्होंने सुझाव दिया कि पीसीबी को इस मुद्दे को खत्म नहीं होने देना चाहिए।' वर्ष 2003 और 2006 के बीच आईसीसी प्रमुख रहे मनी ने हाल में अबू धाबी और दुबई में पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट को यह सलाह दी।
मनी ने पीसीबी से कहा कि आईसीसी के फैसले का कानूनी चुनौती दी जा सकती है क्योंकि इसमें कई खामियां हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 'मनी ने बट को लंदन की कानूनी फर्म मार्क गे और डीएफएल पाइपर की सेवा लेने और आईसीसी को नोटिस भेजने की सलाह दी।' मनी ने पीसीबी को सलाह दी थी कि अगर वह विश्व कप मैच हटाने के आईसीसी के फैसले को चुनौती नहीं देता है तो उसे इसे आईसीसी की विवाद निवारण समिति में उठाना चाहिए।