अपने बल्लेबाजों के लय हासिल करने के बाद जीत की राह पर लौटी भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे एक दिवसीय मैच में हार की ओर धकेलने का पूरा यकीन है जबकि चोटिल तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा का खेलना अभी भी संदिग्ध है। कीवियों पर बढ़त का भरोसा: टीम इंडिया
ट्वंटी 20 मैचों में नाकाम रहे भारतीय बल्लेबाज नेपियर में पहले वनडे में फार्म में लौटे। वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने अर्धशतकीय पारियां खेली। युवराज सिंह, सचिन तेंदुलकर, गौतम गंभीर और यूसुफ पठान ने भी पिछले कुछ अर्से में अच्छा प्रदर्शन किया है। इनमें से दो बल्लेबाज भी चल निकले तो कीवियों की राह और मुश्किल हो सकती है। भारत की एकमात्र चिंता ईशांत की फिट्नेस है जो कंधे की चोट से जूझ रहे हैं। हालांकि उनके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है लेकिन टीम प्रबंधन ईशांत के खेलने के पर फैसला कल टॉस से पहले करेगा।
ईशांत ने अभ्यास के दौरान गेंदबाजी की लेकिन टीम प्रबंधन उसे लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। टीम डाक्टर नितिन पटेल ने कहा, 'हम मैच से पहले ही उसके बारे में फैसला लेंगे। हमने उनसे नेट पर ज्यादा गेंदबाजी नहीं कराई लेकिन उनकी हालत में सुधार है।' ईशांत की वापसी से भारतीय आक्रमण मजबूत होगा। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने तेज गेंदबाजी संयोजन में बदलाव के संकेत दिए थे। मैकलीन पार्क में मुनफ पटेल की प्रभावहीन गेंदबाजी से वह खुश नहीं है लिहाजा मुनफ की जगह इरफान पठान या स्पिनर प्रज्ञान ओझा को मौका दिया जा सकता है।
न्यूजीलैंड के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्कुलम के दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट लगी थी। वह बल्लेबाज के तौर पर ही इस मैच में खेलेंगे। मेजबान टीम में विकेटकीपर के तौर पर पीटर मैकग्लाशन को शामिल किया है जिनकी बहन सारा महिला टीम की सदस्य है। मैकग्लाशन के आने से नील ब्रूम अब बारहवें खिलाड़ी होंगे। कप्तान डेनियल विटोरी इस बात को बखूबी जानते है कि भारत यदि कल 2-0 की बढ़त ले लेता है तो न्यूजीलैंड के लिए पांच मैचों की सीरीज में वापसी करना मुश्किल होगा।
दोनों टीमों का सामना अभी तक 77 वनडे में हुआ है जिसमें से भारत ने 37 जीते और 35 न्यूजीलैंड की झोली में गए।
टीमें:
भारत: महेंद्र सिंह धौनी [कप्तान], सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, यूसुफ पठान, इरफान पठान, हरभजन सिंह, जहीर खान, प्रवीण कुमार, मुनफ पटेल, प्रज्ञान ओझा।
न्यूजीलैंड: डेनियल विटोरी [कप्तान], नील ब्रूम, इयान बटलर, मार्टिन गुप्टिल, ब्रेंडन मैक्कुलम, लॉयन ओब्रायन, जैकब ओरम, जेसी राइडर, टिम साउथी, रॉस टेलर, काइल मिल्स, ग्रांट एलियट।