न्यूजीलैंड के पलटवार का सामना करने को तैयार है भारत
भारत के आक्रामक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि उनकी टीम दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड के पलटवार का सामना करने को तैयार है हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पहले मैच में हार के बाद मेजबान टीम पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
सहवाग ने कहा, 'न्यूजीलैंड की टीम बहुत अच्छी है। वे दमदार तरीके से वापसी करेंगे और हम उसके लिए तैयार हैं लेकिन हमें बहुत अच्छा प्रदर्शन करना होगा।' पहले मैच में भारत की 53 रन से जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सहवाग ने कहा, 'न्यूजीलैंड की गेंदबाजी अच्छी है हालांकि उसके गेंदबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अधिक अनुभव नहीं है।' उन्होंने कहा, 'हमने पिछले मैच में काफी रन बनाए लेकिन इसके यह मायने नहीं है कि मेजबान टीम अच्छी नहीं है। उसके कई खिलाड़ियों ने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली है। सिर्फ काइल मिल्स और डेनियल विटोरी अनुभवी है लेकिन बाकियों के पास भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन का माद्दा है।'
यह पूछने पर कि क्या उनके निशाने पर कोई खास गेंदबाज है तो सहवाग ने कहा, 'मेरे निशाने पर कोई नहीं है। मैं अपना स्वाभाविक खेल दिखाता हूं। बल्लेबाजी भारत की ताकत है और भारतीय 300 से अधिक का स्कोर बनाने में सक्षम है। हमारे पास युवराज, धौनी, रैना और यूसुफ जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं जो गेंद को मैदान के चारों ओर मार सकते हैं। हमें उनसे आक्रामक पारियों की उम्मीद है।' उन्होंने कहा, 'यदि हमने जल्दी विकेट नहीं गंवाए तो हर मैच में 300 से अधिक रन बना सकते हैं। पिछले मैच में हमने 38 ओवर में 273 रन बनाए। यदि वह मैच 50 ओवर का होता तो हम 350-360 रन बना सकते थे।'
यह पूछने पर कि क्या उन्हें वनडे में गेंदबाजी करना पसंद है इस बारे में सहवाग ने कहा, 'यदि धौनी मुझे गेंदबाजी सौंपते है तो मैं करूंगा। मैंने उनसे कई बार कहा है।' न्यूजीलैंड की विकेटों के बारे में सहवाग ने कहा, 'इन पिचों पर खेलने में मजा आ रहा है। विकेट अच्छी है। सपाट और कठोर है। गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही है। मुझे बल्लेबाजी में मजा आ रहा है।' अपनी बल्लेबाजी के फलसफे के बारे में उन्होंने कहा, 'जब मैं छोटा था तब दस और 15 ओवर के मैच खेलता था। यदि आप दस ओवर खेल रहे हैं तो 60 में से एक भी गेंद जाया नहीं कर सकते। मेरी भी ऐसी ही सोच है। हालांकि मैच के हिसाब से आप रणनीति बनाते है और आपने पिछले मैच में देख होगा कि मैंने मैच की पहली ही गेंद को अच्छी तरह से खेला था।'
सहवाग का मानना है कि उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए ट्वंटी 20 मुकाबलों के बाद अपने खेल के तरीके में थोड़ा सा बदलाव किया है। उन्होंने कहा, 'ट्वंटी 20 मैचों में जल्द ही विकेट गवांने के बाद मैंने सोचा कि मुझे कुछ और समय मैदान पर बिताने की आवश्यकता है। अगर मैं दस से पंद्रह ओवर भी विकेट पर बिता लेता हूं तो हम बेहतर स्कोर बनाने में कामयाब होंगे और मैंने इसे पहले वनडे मुकाबले में की दिखाया। मैंने मैदान पर समय बिताया जिसके बाद हम अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब हुए। मैं अब अपनी फार्म से भी खुश हूं।'