गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचनाओं
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचनाओं को दरकिनार करते हुये कांग्रेस ने आज कहा कि वह ए आर रहमान के आस्कर विजेता गाने जय हो का आगामी चुनाव प्रचार में भरपूर इस्तेमाल करेगी।
कांग्रेस महासचिव और प्रचार समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने यहां कहा कि जय हो लोकप्रिय गाना है और हम इसका लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार में उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रचार का काम देख रही कंपनी ने इस गाने के अधिकार खरीद लिए हैं तथा इसका इस्तेमाल किस तरह करना है इस पर काम चल रहा है।
मोदी द्वारा इस गाने की फिल्म स्लमडाग मिलियनेयर को लेकर कांग्रेस की आलोचना किए जाने की ओर ध्यान दिलाये जाने पर उन्होंने कहा कि मोदी क्या कहते हैं या किस तरह का पलटवार करते हैं हम इसकी ज्यादा चिंता नहीं करते।
उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में स्पष्ट किया कि गीतकार गुलजार द्वारा रचित इस पूरे गाने के अधिकार नहीं खरीदे गए हैं सिर्फ जय हो शब्द का इस्तेमाल करने का अधिकार खरीदा गया है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि मोदी की चुनावी सभा में जय हो बजने पर उन्हें नोटिस भेजा गया है। सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि जय हो का अधिकार खरीदने वाली कंपनी से इस तरह का नोटिस भेजा है।