मुंबई। फिल्म अभिनेता रितिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा को जोधा अकबर और फैशन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है।
मुंबई में यशराज स्टूडियोज में आयोजित 54वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया और इसकी मेजबानी रणबीर कपूर और इमरान खान ने की। जोधा अकबर को सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक [आशुतोष गोवारिकर] और सर्वश्रेष्ठ गीतकार [जावेद अख्तर] के लिए पुरस्कार से नवाजा गया। पिछले सप्ताह ही आस्कर जीतने वाले एआर रहमान को जाने तू या जाने ना के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार मिला। इसके अलावा उन्हें जोधा अकबर के लिए सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड स्कोर का पुरस्कार मिला। समीक्षकों की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मुंबई मेरी जान को मिला।
गजनी फिल्म के लिए असिन थोट्टुम्कल को सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि फरहान अख्तर [राक आन] और इमरान खान [जाने तू या जाने ना] को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।
सुखविंदर सिंह को हौले हौले [रब ने बना दी जोड़ी] के लिए सर्वश्रेष्ठ गायक का पुरस्कार, जबकि श्रेया घोषाल को तेरी ओर [सिंह इज किंग] के लिए सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ सहायक नायिका का पुरस्कार कंगना राणावत [फैशन], जबकि अर्जुन रामपाल को राक आन के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। ओम पुरी और गांधी फिल्म के लिए 1982 में सर्वश्रेष्ठ कास्ट्यूम डिजाइनिंग के लिए आस्कर जीतने वाले डिजाइनर भानु अथैया को लाइफ टाइम पुरस्कार से नवाजा गया।
कंधे की सर्जरी से हाल में उबरे सुपरस्टार शाहरुख खान बायीं बांह पट्टी में लटकाकर आए। इस मौके पर उन्होंने स्लमडाग मिलेनियर फिल्म के बाल कलाकारों से मुलाकात की।