पटियाला के रुल्दा सिंह हत्याकांड में यहां वेस्ट मिडलैंड्स में रहने वाले चार ब्रिटिश सिखों को गिरफ्तार किया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ [आरएसएस] से संबद्ध सिख संगत के नेता रुल्दा सिंह की 29 जुलाई 2009 को पटियाला में उनकी दुकान के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रुल्दा सिंह ने विदेश में बसे सिखों से भारत लौटने का आग्रह करने के लिए कथित रूप से ब्रिटेन व अन्य देशों की यात्रा की थी। बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने रुल्दा सिंह हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां कहा, 'भारत में रुल्दा सिंह की हत्या में संदिग्ध चार लोगों को वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मंगलवार सुबह इनमें से एक को स्मेथविक, एक को वोल्वरहैंपटन और दो को कोवेंट्री स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। चारों ब्रिटिश नागरिक हैं और उनकी उम्र 27 से 36 साल के बीच है।' डिटेक्टिव सुपरिन्टेंडेंट जॉर्ज ट्रेसी ने कहा, 'हत्याकांड की जांच जटिल है। यहां और पंजाब दोनों जगह मामले की तहकीकात जारी है।'
भारतीय पुलिस ने हत्याकांड में संदिग्ध ब्रिटेन में बसे दो भारतीयों के नाम वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस को बताए थे। लेकिन, वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने इस बात की पुष्टि या खंडन करने से इन्कार कर दिया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में ये दो लोग शामिल हैं या नहीं।