सपा सुप्रीमो व पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने कहा है कि सरहद पर चीन की बेजा गतिविधियां भारत के लिए घातक साबित होंगी। दुर्भाग्य है कि भारत सरकार सब कुछ देखने, सुनने के बाद भी खामोश बैठी है। मऊ में दिवंगत पूर्व विधायक कपिलदेव यादव के घर सोमवार को पहुंचकर संवेदना जताने के बाद वापसी में मुलायम गाजीपुर की हवाईपंट्टी पर पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह कमजोर प्रधानमंत्री हैं। उनकी हिम्मत नहीं कि चीन को रोकें, टोकें। चीन के आगे केंद्र की विवशता भारत को महंगी पड़ेगी। महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने यूपी की बसपा सरकार को भी नहीं छोड़ा। जमकर बरसे। यहां तक कह गये कि सरकार अब शर्म हया खो चुकी है। सपाजन की चुन-चुन कर हत्या करायी जा रही है। मंत्री परिषद में अपराधी तक शामिल हैं। कानून व्यवस्था के नाम पर सरकार में आयी बसपा पूरी तरह नाकाम है। अपराधियों का इस कदर बोलबाला है कि प्रदेश के मंत्री तक सुरक्षित नहीं रह गये। इलाहाबाद में कैबिनेट मंत्री पर हुआ हमला इसका प्रमाण है।
इंदारा [मऊ] स्थित पूर्व विधायक स्व. कपिलदेव यादव के आवास पर पहुंचे सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने कहा कि कपिलदेव की हत्या राजनीतिक साजिश है। इसकी निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिये। उन्होंने इस घटना को प्रदेश में जारी सुनियोजित राजनीतिक हत्याओं की कड़ी बताया। मुलायम ने स्व. कपिलदेव के परिवारीजन को ढांढस बंधाया और पूर्व विधायक के वाहन चालक स्व.देवनाथ यादव की पत्नी को पार्टी की ओर से दो लाख रुपये प्रदान किए। पूर्व विधायक के घर के पास आयोजित शोकसभा में श्री यादव ने प्रदेश में हो रही राजनीतिक हत्याओं के लिए राज्य सरकार को निशाने पर लिया। इस सरकार के कार्यकाल में अब तक दो हजार से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं, इनमें 44 राजनीतिक व्यक्तियों को अपराधी अब तक मौत के घाट उतार चुके हैं। इसमें 30 सपा के कार्यकर्ता, पूर्व विधायक व पदाधिकारी शामिल हैं। कपिलदेव की हत्या भी धोखे से की गयी नृशंस राजनीतिक हत्या है, जिसकी साजिश लखनऊ में बैठकर रची गयी। उन्होंने कहा कि हत्यारों द्वारा पूर्व विधायक को गोलियों से भून देने के बाद सीधे राजधानी में मानवाधिकार न्यायालय पहुंचना इस बात की पुष्टि करता है।
केंद्र सरकार के विरुद्ध हल्ला बोलते हुए उन्होंने उसे हर मोर्चे पर विफल बताया। सपा प्रमुख ने किसानों एवं बुनकरों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता यशवंत सिंह, अम्बिका चौधरी, रामगोविन्द चौधरी, सांसद नीरज शेखर, सपा के प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सिंह व रामदर्शन यादव आदि ने भी शोकसभा में पूर्व विधायक कपिलदेव यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। संचालन जिलाध्यक्ष अल्ताफ अंसारी ने किया।